मुरादनगर स्थित न्यू डिफेंस कॉलोनी में सोमवार रात पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने घर में घुसकर भाई-बहन को पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। कॉलोनी निवासी अनिरुद्ध कुमार अपनी बहन के साथ दीपावली पर अपने दूसरे मकान में दिए जलाने गए थे। वहां कुछ युवक पटाखे फोड़ रहे थे। एक पटाखा मकान के अंदर गिरा, जिससे दीवार टूट गई और उसमें दरार आ गई। जब अनिरुद्ध ने युवकों के परिजनों से इसकी शिकायत की, तो वे भड़क गए। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। इस दौरान सरिया मारकर युवक अनिरुद्ध की पसली तोड़ दी गई। पीड़ित परिवार ने मुरादनगर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।