गाजियाबाद जिले के मोदीनगर के गांव सीकरी कलां में मंगलवार सुबह मकानों की भूमि की पैमाइश करने गई नगर पालिका और प्रशासन की टीम को देखकर 70 वर्षीय बुजुर्ग रिछपाल की हार्टअटैक से मौत हो गई। आरोप है कि टीम में शामिल बांउसरों को देखकर रिछपाल सदमें में आ गए, इसके बाद उन्हें हार्टअटैक आ गया। घटना से ग्रामीणों में रोष है। गांव सीकरी कलां निवासी दिव्यांग बिजेंद्र जाटव अपनी पत्नी और दो बेटियों व 70 वर्षीय पिता रिछपाल के साथ रहते हैं। दिव्यांग बिजेन्द्र जाटव मजदूरी कर परिवार का पालन करते है। बताया कि उन्होंने वर्ष 1976 में सरकार की ओर से आंवटित 100 वर्ग गज का आवासीय पट्टा 2009 में ग्रामीण से खरीदा था। उस पर वह मकान बनाकर रह रहें है। बताया कि लगभग बीस वर्ष पूर्व पट्टे को अवैध बताकर शिकायत की गई थी। सिविल कोर्ट में वाद दायर किया,सिविल कोर्ट का फैंसला पट्टाधारकों के पक्ष में आया था।