मोहब्बेवाला इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे एक खौफनाक सड़क हादसा हुआ, जब मोहंड की तरफ से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने छह गाड़ियों को टक्कर मार दी। और खुद रोड किनारे नाले में एक टायर से जा धंसा। गनीमत रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। इस दौरान यहां कई दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गई। सीमेंट से भरा ट्रक एक्सप्रेस वे से होते हुए तेज रफ्तार में देहरादून में प्रवेश कर रहा था, तभी अनियंत्रित होकर तीन-चार कार और विक्रम टेम्पो समेत कुल छह वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ट्रक के नाले में एक तरफ गिरने के कारण डीजल बहना शुरू हो गया था, जिससे बड़ी आग लगने की आशंका थी। मौके पर पहुंचे पुलिस और यातायात कर्मियों व अधिकारियों ने घेराबंदी करके ट्रैफिक और भीड़ को दूर करवाया, फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर बुलाई गई, तब जाकर खतरा टला। करीब ढाई घंटे में रोड को यातायात के लिए क्लियर कर दिया गया।