जौलीग्रांट। न्याय पंचायत रानीपोखरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत कौडसी ग्राम सभा सारंगधरवाला और ग्राम सभा बड़कोट से निकलने वाले बंगाली खाले की निकासी नहीं को लेकर ग्रामीण परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात शुरू हो चुकी है। किसी भी दिन भारी बारिश में बरसाती खाले में पानी आ सकता है। तीन ग्राम सभाओं से होता हुआ बरसाती खाला पिछले वर्ष आई बरसात में मिट्टी, पत्थर और मलबे से भर गया है। खाले के किनारे लगी सुरक्षा दीवारें कई जगहों से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। वहीं कुछ लोगों ने बरसाती खाले के किनारे मिट्टी, पत्थर आदि भरकर कच्चे रास्ते बना लिए हैं। जिससे खाले की चौड़ाई कई स्थानों पर कम हो गई है।
बड़कोट के पूर्व प्रधान पुष्पराज बहुगुणा ने डीएम कार्यालय में दिए ज्ञापन में कहा है कि मिट्टी, पत्थर और मलबा जमा होने के कारण खाला कई स्थानों पर चोक हो चुका है। मलबा हटवाकर सफाई की जानी चाहिए। सफाई नहीं होने से बरसात के दिनों में पानी सुरक्षा दीवार तोड़कर लोगों के खेतों और घरों में घुसेगा। जिससे ग्रामीणों का नुकसान होने की संभावनाएं हैं। अन्य ग्रामीणों ने भी बरसाती खाले की साफ-सफाई और क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार को बनाने की मांग की है।