छह केंद्र संवेदनशील, एडीएम ने परीक्षाओं की तैयारी के लिए की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 में चमोली जिले से 10वीं और 12वीं में 9205 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। इसके लिए जिले में 107 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले में छह परीक्षा केंद्र संवेदनशील हैं जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की 2026 में होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षा की तैयारियों को लेकर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने अधिकारियों के साथ बैठक की। एडीएम ने सभी तैयारियां समय पर पूरी करने, परीक्षा निर्बाध संचालित करने के लिए सुरक्षा के इंतजाम व अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिले में नए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर भी चर्चा की गई। एडीएम ने परीक्षा केंद्रों में कक्षा-कक्ष, बैठने, पीने के पानी और शौचालय के भी पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। मुख्य शिक्षाधिकारी श्रीकांत पुरोहित ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 107 केंद्र बनाए गए हैं। दसवीं में 2485 बालक व 2340 बालिकाएं पंजीकृत हैं जबकि 12वीं में 2154 बालक और 2226 बालिकाएं पंजीकृत हैं। इस दौरान एसडीएम राजकुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।