अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधायक और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के बयान पर विवाद के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नगर के चौघानपाटा में कैबिनेट मंत्री रेखा और उनके पति का पुतला फूंका। उन्होंने नारे लगाकर विरोध जताया।
इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि गिरधारी लाल साहू ने अपने बयान में बिहार से लड़कियां लाकर उनका विवाह सोमेश्वर के युवाओं के साथ कराने की बात कही है जो शर्मनाक है। उनका यह बयान न केवल महिलाओं का घोर अपमान है बल्कि इससे पूरे देश की बेटियों की भावनाएं भी आहत हुईं हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि भाजपा की सत्ता के संरक्षण में उनके नेताओं और परिजनों के भीतर महिलाओं को वस्तु समझने की घृणित मानसिकता पनप रही है। कैबिनेट मंत्री रेखा के पति गिरधारी का विवादित बयान पूरे महिला समाज का अपमान है। भोज ने कहा कि कैबिनेट मंत्री को तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। विधायक मनोज तिवारी ने इस बयान को बेटी- बचाओ बेटी-पढ़ाओ जैसे नारों पर करारा तमाचा बताते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। कांग्रेस ने कहा कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, युकां जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, पूरन रौतेला, अमरजीत भाकुनी, जया जोशी, निर्मला कांडपाल, किरन आर्या, आशा शर्मा, गीता पांडेय, दीपा साह, राधा टम्टा, सुशील साह आदि मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री और उनके पति का पुतला फूंका
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमेश्वर मुख्य चौराहा पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी का पुतला फूंका। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि बयान के लिए उन्हें माफी मांगनी चाहिए। वहां जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार, प्रकाश खाती, श्याम सिंह दोसाद, भुवन दोसाद, राजू भट्ट, कैलाश आर्या, केसर सिंह, नवीन नेगी आदि मौजूद रहे।