जिला सभागार में समीक्षा बैठक लेते केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा।
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात को सुरक्षित बनाने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में हादसों की समीक्षा की गई और संवेदनशील स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर सुधारात्मक कार्रवाई पर जोर दिया गया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि सड़क सुरक्षा में जनता की सहभागिता भी जरूरी है।
टम्टा ने कहा कि सड़क सुरक्षा एक संवेदनशील मुद्दा है, जिसमें किसी भी लापरवाही से जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। बैठक में यह तय किया गया कि सड़क निर्माण और सुधार के दौरान सभी सुरक्षा मानक मजबूत किए जाए। दुर्घटना संभावित स्थानों पर साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, क्रैश बैरियर, स्पीड ब्रेकर, सड़क मार्किंग और प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने पर ध्यान दिया जाएगा। बैठक में ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने जैसी घटनाओं को रोकने के उपायों पर चर्चा हुई।
इस मौके पर स्कूल बस और अन्य सार्वजनिक वाहनों की नियमित जांच, चालकों के लाइसेंस और प्रशिक्षण की समीक्षा भी की गई। मंत्री टम्टा ने कहा कि सड़क सुरक्षा में जनता की सहभागिता भी जरूरी है। इस दिशा में जागरूकता अभियान, स्कूल और कॉलेज में कार्यशालाएं और रैलियों का आयोजन किया जाए। नेक राहवीर योजना के तहत अब घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।