दो हेक्टेयर पार्क में होगी नटराज की प्रतिमा और फव्वारे
टाउनशिप में लगभग दो हेक्टेयर क्षेत्रफल में केंद्रीय पार्क विकसित किया जा रहा है। पार्क के केंद्र में भव्य नटराज प्रतिमा व फव्वारे से सुसज्जित केंद्रीय प्लाजा के साथ ओपन लॉन, एंफीथियेटर, चिल्ड्रन प्ले एरिया, मेडिटेशन गार्डन, सीनियर सिटीजन जोन, फ्लावर गार्डन, जॉगिंग ट्रैक और पैदल पथ जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पार्क के चारों ओर पैदल-अनुकूल मार्केट प्लाजा एवं व्यावसायिक सुविधाएं तथा टाउनशिप से जुड़ने के लिए 4 प्रमुख पैदल प्रवेश द्वार भी प्रस्तावित हैं।
3.71 एकड़ में मियावाकी वन होगा विकसित
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को विशेष प्राथमिकता देते हुए योजना की बाउंड्री के समीप स्थित लगभग 3.71 एकड़ क्षेत्रफल में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित किए जाने का निर्णय लिया गया है। काशी की सांस्कृतिक एवं वैदिक विरासत की अवधारणा पर आधारित इस योजना में न्यूनतम 15 प्रतिशत क्षेत्रफल को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें मियावाकी वन जैसी पर्यावरणीय पहलें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।