चार अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार, चोरी की 16 बाइक हुईं बरामद
लंभुआ। अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का पुलिस ने शनिवार को पर्दाफाश किया है। शाहगढ़ के पास से चार बाइक चोरों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की 16 बाइक मिली हैं। इसमें पिता-पुत्र सहित तीन आरोपी लंभुआ के शाहगढ़ निवासी हैं, जबकि एक आरोपी जौनपुर जिले के खुटहन के शेरपुर पथरा का रहने वाला है।
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि लंभुआ कोतवाली के निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ शाहगढ़-दियरा पुल के पास शुक्रवार रात वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच एक बाइक पर सवार दो लोग आते दिखे। रुकने का इशारा करने पर दोनों भागने लगे। इसी बीच दोनों गिर पड़े। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजेंद्र सोनकर व तेज बहादुर सोनकर निवासीगण शाहगढ़, लंभुआ के रूप में हुई।
उनके पास जो बाइक मिली उसमें महाराष्ट्र का नंबर लिखा था। जांच में पता चला कि बाइक चोरी की है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वह दोनों बाइक चोरी करके बेचते हैं। उनके बताने पर पुलिस ने दो अन्य लोगों को शाहगढ़ बाजार से पकड़ा। पकड़े गए लोगों की पहचान तेज बहादुर के पिता देवी प्रसाद सोनकर व जौनपुर जिले के खुटहन के शेरपुर पथरा निवासी रोहित पाल के रूप में हुई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस को शाहगढ़ बाजार स्थित गैरेज से 15 और बाइकें मिलीं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
देवी प्रसाद के गैरेज में बदले जाते थे बाइकों के पार्ट्स : एएसपी ने बताया कि चोरी की बाइकों को शाहगढ़ बाजार स्थित देवी प्रसाद के गैरेज में रखा जाता था। देवी प्रसाद व उनका पुत्र तेज बहादुर बाइक मैकेनिक हैं। दोनों मिलकर बाइकों के इंजन, चेसिस व अन्य पार्ट्स बदलते थे। राजेंद्र सोनकर कबाड़ का काम करता है। वह बाइकों के गैर जरूरी पार्ट्स को कबाड़ में खरीदता था। रोहित पाल भी बाइक चोरी करता था। उसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक केस दर्ज हैं। चारों मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।