पकड़ी बाजार। क्षेत्र के बभनी से जोगिया संपर्क मार्ग पर ग्राम पंचायत कोईलीघाट के टोला जुडीकुइयां गांव में नाली निर्माण के लिए सड़क के बगल में गड्ढों को खोदकर छोड़ देने से लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जुड़ीकुइयां गांव में जल निकासी की व्यवस्था नहीं है, जिससे बारिश का पानी सड़क पर ही भरा रहता है। इससे यहां लोगों को आने-जाने में कठिनाइयां होती थी। पीडब्ल्यूडी की तरफ से बभनी से जोगिया मार्ग पर कोईलीघाट और जुड़ीकुइयां गांव में कस्बे वालीं जगह पर 500 मीटर नाली का निर्माण होना था। ठेकेदार ने 300 मीटर तक नाली का निर्माण के लिए गड्ढा खोदकर छोड़ दिया है। अभी तक इसपर नाली का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, जिससे यहां पर लोगों के आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के अनिल कुमार, गोविंद, गरीबुल्लाह, मुहम्मद हई, मुहम्मद कैश आदि लोगों ने इसको बनवाने की मांग की है।