संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। रक्षाबंधन के मौके पर काम पर लौटने वाले यात्रियों को अब प्रदेश जाने के लिए व घर वापसी के लिए हुई भारी भीड़ ने रेलवे और रोडवेज दोनों की व्यवस्थाओं को चुनौती दी है। छुट्टी में घर पहुंचे लोग अब वापसी की तैयारी में हैं, लेकिन ट्रेनों और बसों में जगह पाना मुश्किल हो गया है।
मुंबई, दिल्ली, कानपुर, गुजरात समेत अनेक शहर और प्रदेश जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट नहीं मिल रही है। लंबी दूरी की ट्रेनों में तो भीड़ है ही, वहीं लोकल ट्रेनों में भी सामान्य दिनों से कहीं ज्यादा यात्री सफर कर रहे हैं। रोडवेज बस अड्डों पर भी यात्रियों का जमावड़ा बढ़ गया है, लेकिन अतिरिक्त बसें नहीं चलने से यात्रियों को सुविधा नहीं मिल पा रही। भीड़ और गर्मी से परेशान यात्री किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश में हैं।
रविवार को रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री सजीवन, संतराम, संतोष ने बताया कि इस बार के रक्षाबंधन पर हर वर्ष की अपेक्षा काफी भीड़ रही। इससे रेलवे स्टेशन हो या बस स्टैंड, दोनों जगहों पर भारी भीड़ है। इससे यात्रियों को सुविधा नहीं मिल पा रही है। वहीं प्राइवेट वाहनों में भी सीट के अपेक्षा अतिरिक्त यात्री बैठकर यात्रा कर रहे हैं। रोडवेज की सभी बसों में रविवार को भी बड़ी संख्या में लोगों ने सफर किया।ी