बागपत रोड और रेलवे रोड को जोड़ने के लिए बनाई गई अधूरी लिंक रोड को पूरा करने का काम शुरू हो गया है। एमडीए ने रेलवे रोड शिव मंदिर की तरफ से अधूरी सड़क बनानी शुरू कर दी है। दिन भर लिंक रोड से वाहनों का आवागमन बंद रखा गया। उधर, आशीर्वाद अस्पताल के भवन को तोड़ने का कार्य भी जारी रहा।
लिंक रोड 825 मीटर लंबा है। इसके बनने के बाद बागपत रोड और रेलवे रोड समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों की जनता को लाभ मिल सकेगा। बागपत रोड की लगभग 35 कॉलोनियों की जनता ने एकजुट होकर लिंक रोड की मांग शुरू की थी। जनता को लिंक रोड तो मिल गई, लेकिन अभी पूरी तरह सड़क बनाने का काम पूरा नहीं हो पाया है।
लिंक रोड के दोनों छोर के साथ साथ बीच में भी कई स्थानों पर सड़क अधूरी पड़ी थी। जिसपर अब प्रशासन ने काम शुरू कर दिया है। ठेकेदार सड़क निर्माण सामग्री लेकर लिंक रोड पर पहुंच गया। शिव मंदिर रेलवे रोड की तरफ से लिंक रोड को बनाने का काम शुरू किया गया।
प्रशासन की कार्य प्रणाली से साफ हो रहा है कि अपने वादे के अनुसार एक नवंबर को लिंक रोड की काली सड़क जनता को सौंप दी जाएगी। लोग अपने दो पहिया और चौपहिया हलके वाहन यानी कारों को लेकर लिंक रोड से दौड़ने शुरू हो जाएंगे। जैन नगर और अन्य मार्गों पर लगने वाले जाम से छुटकारा मिल जाएगा।
लिंक रोड चालू न होने से पहले जनता को बागपत रोड, मेट्रो प्लाजा, रेलवे रोड चौराहा होकर सिटी रेलवे स्टेशन और छावनी क्षेत्र के स्कूलों तक पहुंचना पड़ता है। इस दौरान इन लोगों को जाम में जूझने के साथ साथ अधिक समय लगाना पड़ता है। अब इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।