मथुरा। दिवाली के मौके पर शराब ठेकों पर ओवर रेटिंग का खेल खुलेआम चला। तय दाम से ज्यादा वसूली पर ग्राहकों ने जब आवाज उठाई, तो आबकारी विभाग ने उन्हें वीडियो बनाने की सलाह देकर पल्ला झाड़ लिया। शिकायत मिलने पर जब अमर उजाला ने शहर के ठेकों की पड़ताल की तो त्योहार की आड़ में कई ठेकों पर ओवर रेट में शराब बिक्री होती पाई गई।
रिफाइनरी क्षेत्र, औरंगाबाद समेत शहर के अन्य ठेकों पर जाकर पड़ताल की तो प्रत्येक ठेके पर एमआरपी से अधिक रेट पर शराब बिकती मिली। कई उपभोक्ताओं ने इसका विरोध किया तो ठेके पर मौजूद कर्मचारियों ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए शराब और बीयर देने से मना कर दिया। वहीं इसकी शिकायत जब आबकारी विभाग के अधिकारियों से की गई तो उन्होंने कार्रवाई करने के स्थान पर शिकायतकर्ताओं को ही वीडियो बनाने की सलाह देकर पल्ला झाड़ लिया।
ठेकेदार से बात करके आबकारी निरीक्षक बोले, नहीं हो रही ज्यादा वसूली
- कदंब विहार स्थित शराब के ठेके पर मौजूद सेल्समैन ने उपभोक्ता के विरोध करने पर उनके साथ बदसलूकी तक कर दी और पैसे भी लौटा दिए। आबकारी निरीक्षक निहांत यादव ने उपभोक्ता की शिकायत पर ठेकेदार से बात की और उपभोक्ता से कहा कि कोई ओवर रेटिंग नहीं हो रही है। यदि ऐसा है तो वीडियो बना लो। इसी तरह गोकुल बैराज स्थित शराब के ठेके पर भी एमआरपी से ज्यादा कीमत में शराब की बिक्री होते मिली। होलीगेट, पुराना बस स्टैंड स्थित शराब के ठेके पर भी यही हालात थे। एक उपभोक्ता ने बताया कि त्योहार पर हर बार शिकायत करते हैं, लेकिन अफसर कार्रवाई की जगह ठेकेदारों से मिल जाते हैं। जनता को लूटने का यह सिलसिला बंद होना चाहिए। अभी तो आबकारी विभाग द्वारा अपनी जिम्मेदारी निभाने के स्थान पर जनता से सबूत मांगे जाते हैं।
10 से 50 रुपये तक वसूली ज्यादा कीमत
पड़ताल में सामने आया कि शराब ठेकेदारों ने दिवाली के मौके पर ग्राहकों से 10 से लेकर 50 रुपये तक ज्यादा कीमत वसूल की। दरअलस शराब के ब्रांड और कीमत के हिसाब से यह वसूली की गई थी। कम कीमत की शराब में 10 से 20 रुपये ज्यादा वसूले गए, जबकि महंगी और ब्रांडेड शराब में कीमत से ज्यादा वसूली का खेल 50 रुपये से ज्यादा तक भी पहुंचा।
आबकारी टीम शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचती है। यदि इस तरह की शिकायत मिलती है तो ठेकेदार को नोटिस जारी किया जाता है। यदि दिवाली पर एमआरपी से ज्यादा कीमत में शराब बिकी है तो सबूत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
उपेंद्र कुमार, जिला आबकारी अधिकारी