मैनपुरी। दन्नाहार क्षेत्र में मंगलवार रात एक टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक अवनीश कुमार की मृत्यु हो गई। उनकी पत्नी रजनी और तीन वर्षीय पुत्र समर गंभीर रूप से घायल हो गए।
एलाऊ क्षेत्र के नगला हविलिया निवासी 36 वर्षीय अवनीश कुमार अपनी ननिहाल नगला पुनी गए थे। वह पत्नी रजनी और पुत्र समर के साथ मामा महावीर के पौत्र के दष्ठौन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम से लौटते समय रात करीब साढ़े आठ बजे यह हादसा हुआ। शिकोहाबाद-मैनपुरी मार्ग पर सैनिक स्कूल के सामने टैंकर ने बाइक को टक्कर मारी। दन्नाहार पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अवनीश और रजनी की हालत गंभीर होने पर उन्हें आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई रेफर किया गया। सैफई में इलाज के दौरान देर रात करीब साढ़े 12 बजे अवनीश की मृत्यु हो गई। रजनी की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बुधवार को अवनीश का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंपा। इंस्पेक्टर ने बताया कि टैंकर चालक हादसे के बाद फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।