राजेश कुमार सिंह का फाइल फोटो।
- फोटो : File Photo
गांव खेड़ा सुल्तानपुर में जमीन विवाद में हुई हत्या के मामले में मृतक राजेश कुमार सिंह (45) के पुत्र दीपक कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने अपने चाचा सुनील कुमार, चाची जया देवी और दो चचेरे भाई गुनगुन व कृष्णा को नामजद किया है। दीपक की आठ जुलाई को शादी होनी है, लेकिन पिता की मौत से शादी की खुशियों में खलल पड़ गया।
गौरतलब है कि राजेश कुमार खेती करके परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार की रात आठ बजे वह अपने मित्र प्रमोद ठाकुर के साथ दावत खाने जा रहे थे। तभी सुनील कुमार, जया देवी और उनके बेटों ने उनसे झगड़ा शुरू कर दिया। इस दौरान सुनील ने दरवाजे की चौखट उठाकर राजेश के सिर पर कई वार किए, जिससे राजेश की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
परिवार के सदस्य राजेश को सिकंदराराऊ के निजी चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इस बात पर पुलिस से उनकी नोंक-झोंक भी हुई। कोतवाली प्रभारी गिरीशचंद्र गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले में छानबीन की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
शादी वाले घर में पसरा मातम
मृतक के पुत्र दीपक की आठ जुलाई को शादी होनी है। दीपक गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। पूरा परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन राजेश की हत्या ने इस परिवार की खुशियां छीन ली हैं। शादी वाले घर में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद गांव में यह चर्चा थी कि क्या परिवार दीपक की शादी तय तिथि पर करेगा या फिर तारीख आगे बढ़ाई जाएगी। जो भी हो, लेकिन इस घटना के बाद दीपक की शादी में वो उत्साह नहीं दिखाई देगा, जो पिता की मौजूदगी में दिखता। दीपक ने आरोप लगाया कि चाचा सुनील ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी है।