चंदौली जिले की कोतवाली क्षेत्र के धरहरा गांव में रविवार की देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार से जा टकराई, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
ये हुए हादसे के शिकार
मृतकों की पहचान डेढ़ावल गांव निवासी अखिलेश राजभर उर्फ पनारू (20) पुत्र विजय राय और निखिल प्रजापति (28) पुत्र जगनारायण प्रजापति के रूप में हुई। वहीं घायल युवक पंकज खरवार (30) पुत्र लल्लन, भी डेढ़ावल गांव का ही निवासी है।
कैसे हुआ हादसा
तीनों युवक रविवार रात अपने गांव से सकलडीहा कस्बे की ओर जा रहे थे। डेढ़ावल-सकलडीहा मार्ग पर धरहरा गांव के पास सड़क पर मोड़ है, जहां बाइक तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।