सांऊघाट सीएचसी के पास बना 50 बेड का फील्ड हॉस्पिटल
बस्ती। जिले की दो सीएचसी में सात करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक 50-50 शैय्या के फील्ड अस्पताल के लोकार्पण की तैयारी शुरू हो गई है। उसके बाद अस्पताल का संचालन किया जाएगा।
इससे मरीजों को भर्ती समेत अन्य सुविधाएं मिलने लगेंगी। दोनों अस्पताल और इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी समेत 8.25 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन बड़ी परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण 24 सितंबर को डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे।
वर्ष 2021 में सीएचसी सांऊघाट और दुबौलिया में 3.50-3.50 करोड़ रुपये की लागत से 50-50 बेड के फील्ड अस्पताल की बिल्डिंग बनाने की स्वीकृति मिली थी।
वर्ष 2024 में ये अस्पताल तैयार हो गए। बिजली विभाग और दमकल से एनओसी मिल गई थी। लेकिन, लोकार्पण न होने से अस्पताल का संचालन शुरू नहीं हो सका है। सीएचसी सांऊघाट में बने अस्पताल के हस्तांतरण के बाद लोग इसके लोकार्पण का इंतजार कर रहे हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. एके सिंह का कहना है कि लोकार्पण की सूचना मिली है। एमओआईसी दुबौलिया ने बताया कि फील्ड अस्पताल तैयार है। एनओसी भी मिल गई है।
1.25 करोड़ से बनी है अत्याधुनिक लैब : जिला अस्पताल में 1.25 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक आईपीएचएल (इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी) बना है। शासन ने आईपीएचएल पैथोलॉजी बनाने का प्रस्ताव मांगा गया था। जिला अस्पताल का चयन हुआ था। चयन होने पर क्षेत्रीय निदान केंद्र में अत्याधुनिक लैब तैयार हुई।
कुछ दिन ब्लड जांच सेवाओं को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया था। अब फिर से उसी में सभी जांचें एक ही छत के नीचे की जा रही हैं। इस लैब के शुरू होने से मरीजों को जांच के लिए विभिन्न विभागों में भटकना नहीं पड़ रहा है। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि 50-50 बेड के दो फील्ड अस्पताल और एक आईपीएचएल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। लोकार्पण 24 सितंबर को होगा।