जिला अस्पताल में उपचार कराने पहुंचे मरीज संवाद
बस्ती। पिछले कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड का असर अब दिखने लगा है। ठंड के कारण कान के दर्द से अधिकांश लोग पीड़ित हैं। इससे ईएनटी के मरीजों की संख्या बढ़कर लगभग डेढ़ गुना हो गई है। सबसे ज्यादा बच्चे और बुजुर्गों में यह समस्या आ रही है।
सामान्य दिनों में जहां ईएनटी ओपीडी में 15 से 20 मरीज पहुंच रहे थे, वहीं अब प्रतिदिन 60 से 70 मरीज कानों की परेशानी लेकर पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के ईएनटी सर्जन डॉ. एसएस कन्नौजिया ने बताया कि ठंड से बचाव न करने के कारण लोग कान के दर्द से परेशान हैं। सर्दी में खानपान पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उनका कहना था कि भी ठंडा खाने से कान का दर्द बढ़ जाता है।
ठंडा पानी पीने और स्नान करने से भी कान में दर्द होने की आशंका रहती है, इसलिए ठंड के मौसम में गुनगुना पानी पीएं। डॉक्टर का कहना है कि मरीज समय से उपचार नहीं लेते हैं तो संक्रमण के साथ सुनने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है।