नवाबगंज/हाफिजगंज। तहसील सभागार में सोमवार को एसडीएम उदित पंवार की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 65 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान बिना बिजली कनेक्शन के पोल्ट्री फार्म के नाम बिजली बिल और आरसी जारी किए जाने का मामला सामने आया है।
कस्बा रिठौरा के डॉ. तैयब खान ने बताया कि उनका पोल्ट्री फार्म हाफिजगंज क्षेत्र के गांव सिथरा में स्थित है। आरोप है कि फार्म पर आज तक बिजली का कनेक्शन नहीं लिया गया है। वहां मीटर नहीं लगा है, न ही विद्युत लाइन पहुंची है। फार्म से 500 मीटर तक कोई ट्रांसफार्मर भी नहीं है। इसके बावजूद उनके नाम से 1,20,391 आरसी जारी कर दी गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। इसपर एसडीएम उदित पंवार ने एसडीओ हाफिजगंज को मौके पर जाकर जांच करने का निर्देश दिया। शिकायत का नियमानुसार और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने का आदेश दिया।
इसके अलावा ईध जागीर के हरिनगर गांव के ओमप्रकाश ने बेटी के दहेज उत्पीड़न की शिकायत की। गांव लभेड़ा उर्फ बुलंदनगर के किसान मोहम्मद मगजूब खां ने चकमार्ग पर अतिक्रमण करने के आरोप में पड़ोसी कृषक के खिलाफ शिकायत की। आनंदपुर लक्ष्मी नारायण गांव में निजी स्कूल पर रास्ता बाधित करने का आरोप लगाया। कस्बे के चाणक्यपुरी में गलत बिल जारी करने के आरोप में बिजली निगम के खिलाफ शिकायत की गई। इस दौरान सीओ नीलेश मिश्र, तहसीलदार अभिषेक तिवारी, बीडीओ महेशचंद्र शाक्य आदि मौजूद रहे।
86 में से 11 शिकायतों का हुआ निस्तारण
आंवला। तहसील सभागार में एडीएम (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह की अध्यक्षता में 86 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें 11 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण कराया गया। सभागार पहुंचे भाकियू (शंकर गुट) के प्रताप सिंह ने सरकारी अस्पताल में व्याप्त अनियमितताओं सहित अन्य क्षेत्रीय समस्याओं को दूर करने की मांग करते हुए ज्ञापन दिया। कसूमरा गांव के हरिकिशन, प्रेमपाल आदि ने गांव में शराब की दुकान हटाने, बसंतपुर गांव के रामसिंह, सोमपाल आदि ने ओवरहेड टैंक से अधिकांश गांव में जलापूर्ति न होने की शिकायत की। भूड़ा गांव के लोगों ने ओवरहेड टैंक का निर्माण जल्द कराने की मांग उठाई। सर्वाधिक 36 शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं। इसके अलावा छह पात्रों को आयुष्मान कार्ड दिए गए। इस दौरान एसपी ट्रैफिक अकमल खान, एसडीएम विदुषी सिंह, तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।
एडीएम (न्यायिक) ने सुनीं शिकायतें
फरीदपुर। एडीएम (न्यायिक) देश दीपक सिंह की अध्यक्षता में हुए संपूर्ण समाधान दिवस में 85 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें आठ का मौके पर निस्तारण किया गया। रामपुर-बरेली से एमएलसी कुंवर महाराज सिंह भी तहसील सभागार में मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फरियादियों की शिकायतें सुनीं। अधिकतर शिकायतें भूमि विवाद, राजस्व और बिजली-पानी की समस्या से जुड़ी रहीं। एडीएम (न्यायिक) ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण का निर्देश दिया। इस दौरान एसडीएम फरीदपुर रामजनम यादव, तहसीलदार प्रशांत अवस्थी, सीओ संदीप सिंह, नायब तहसीलदार शुभम पांडे आदि मौजूद रहे।
एसडीएम ने 37 में से एक का ही किया निस्तारण
मीरगंज। तहसील सभागार में सोमवार को एसडीएम निधि शुक्ला की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें 37 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें एक का मौके पर निस्तारण किया गया।
शीशगढ़ के ओमप्रकाश और रामप्रकाश गुप्ता आदि ने एसडीएम को बताया कि बस अड्डे के पास रामलीला मैदान है। आरोप है इस बार नई परंपरा के तहत नुमाइश लगाने की तैयारी की जा रही है। वहां हनुमान मंदिर भी है। कांवड़ियों का ठहराव होता है। नुमाइश से सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। गांव शिवपुरी आंवला की महारानी ने शिकायत में बताया कि उनके पिता का निधन हो चुका है। वारिसान प्रमाणपत्र बनवाने के लिए 10 दिसंबर को आवेदन किया था लेकिन सुनवाई नहीं हुई। शाही के राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शेरगढ़ के गांव घाटीगांव में उनकी जमीन है। इसका मुकदमा चला। डिक्री बन चुकी है। एसडीएम ने पैमाइश का आदेश दे दिया फिर भी लेखपाल और कानूनगो ने पैमाइश कर कब्जा नहीं दिलाया है। हर बार ई-तारीख लगाई जा रही है। इसके अलावा बिजली निगम की सात, पुलिस विभाग की छह, राजस्व विभाग की 11, आपूर्ति विभाग की आठ, चकबंदी और कृषि की एक-एक शिकायतें दर्ज कराई गईं। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया।