आंवला। संपूर्ण समाधान दिवस के समापन के बाद सीएमओ विश्राम सिंह ने 50 बेड के महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने लेबर रूम सहित अन्य कक्षों का भी जायजा लिया। अस्पताल में सफाई न होने पर नाराजगी जताई। सीएमओ ने कक्ष एक प्रयोगशाला में ताला लगा होने और कर्मचारी के अनुपस्थित रहने पर भी नाराजगी व्यक्त की। 15 मिनट तक वहां खड़े रहने के बाद ताला खुलवाकर व्यवस्थाएं देखीं। सीएमओ ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश चिकित्साधीक्षक को दिया है। इसके अलावा पुरानी इमारत में संचालित ओपीडी को नए 50 बेड के अस्पताल में स्थानांतरित करने का निर्देश भी दिया गया है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और तीमारदारों को परेशानी नहीं होगी।