बरेली। उप्र खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से बिशप मंडल इंटर कॉलेज मैदान पर चल रही मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में खरीदार पहुंच रहे हैं। यहां ओडीओपी में चयनित कई जिलों के उत्पाद उपलब्ध हैं। इनकी जमकर बिक्री भी हो रही है।
''''खादी एवं स्वावलंबन उत्सव-2025'''' में उत्तराखंड से शाॅल व टोपी लेकर आए राज कुमार ने बताया कि ऊन की शॉल व टोपी लोगों को खूब पसंद आ रही है। शॉल की कीमत 400 रुपये से शुरू हो रही है। वहीं, गर्म पहाड़ी टोपी 150 रुपये की है। बनारसी साड़ी भी यहां उपलब्ध है। लिलेन सिल्क से लेकर बनारसी सिल्क के तमाम सूट, साड़ी बिक रहे हैं।
सूट की कीमत 1200 रुपये से शुरू होकर 5000 रुपये तक है। साड़ियां 1500 से लेकर 6000 रुपये तक की हैं। यहां मिट्टी के बर्तन भी बिक रहे हैं। पिछले दिनों अमर उजाला की ओर से आयोजित एमएसएमई फॉर भारत में उद्यमियों ने स्थानीय उत्पादों की बिक्री व उनके प्रचार-प्रसार के लिए मेले आयोजन पर जोर दिया था। ग्रामोद्योग विभाग की ओर से ये मौका उन्हें मिला हैं।
महिलाओं को पसंद आ रहीं खादी की चप्पलें व सैंडिल
देहरादून के अमित कुमार खादी के बने फैंसी चप्पलें व सैंडिल लेकर आए हैं। उन्होंने बताया कि ये पहनने में बहुत आरामदायक व टिकाऊ हैं। उन्हाेंने देहरादून में ही ओडीओपी योजना के तहत तीन साल पहले कार्य शुरू किया है।
-
हर्बल शहद के साथ मिल रहा गुड़ व सिरका
स्वावलंबन उत्सव मेले में कई तरह का हर्बल शहद उपलब्ध है। जामुन व अजवाइन के शहद को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। हर्बल गुड़ व सिरका भी बिक रहा है।