बरेली। डेढ़ साल पहले विशेष गाड़ी के रूप में चलाई गई 05049-50 छपरा-अमृतसर-छपरा एक्सप्रेस 12 दिसंबर से नियमित ट्रेन के रूप में नए नंबर 15135-36 से संचालित की जाएगी। दो माह पहले रेलवे ने इस गाड़ी को नियमित का दर्जा दे दिया था।
रेलवे ने डेढ़ साल पहले छपरा-अमृतसर विशेष गाड़ी का संचालन शुरू किया था। किराया ज्यादा होने के बावजूद गाड़ी पर लगातार यात्रियों का दबाव बना रहने के कारण इसका संचालन बंद नहीं किया गया। बाद में इस ट्रेन को नियमित करने का निर्णय लिया गया।
अब यह गाड़ी नियमित ट्रेन के रूप में नए नंबर के साथ 12 दिसंबर से प्रत्येक शुक्रवार को छपरा से और 13 दिसंबर से प्रत्येक शनिवार को अमृतसर से चलेगी। किराया भी घट जाएगा। विशेष गाड़ी में बरेली-छपरा के बीच स्लीपर श्रेणी में किराया 505 रुपये और एसी तृतीय इकॉनमी में 1255 रुपये है। नियमित में यह किराया 395 और 975 रुपये हो जाएगा।