तेलंगाना में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय सेपकटाकरा प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की अंडर-14 बालिका टीम ने रजत पदक जीता। प्रदेश की इस पदक विजेता टीम में शामिल बरेली के आरएन टैगोर इंटर कॉलेज की तीन छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया। बरेली लौटने पर खिलाड़ियों का जोरदार अभिनंदन किया गया।
छावनी परिषद बरेली की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। बेटियों की यह कामयाबी आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करेगी। इस दौरान प्रधानाचार्य वंदना मिश्रा, श्रीधर शुक्ला, संदेश राठौर, आदित्य आदि मौजूद रहे।