मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, आठ मई के बाद तापमान में तेजी से वृद्धि होगी। लोगों को एक बार फिर गर्मी का सामना करना पड़ेगा। न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से रात को भी सुकून नहीं मिलेगा। हालांकि, इस दौरान तीखी धूप के साथ बीच-बीच में बादल भी मंडराते रहेंगे। मौसम में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम पारा 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बुधवार तक के लिए जिले में बारिश का यलो अलर्ट जारी कर रखा है। इसके तहत तेज हवा के साथ कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। जैसे ही वर्तमान विक्षोभ का असर कम होगा, सूरज की तपिश और बढ़ेगी। अगले 48 घंटों के भीतर गर्मी का प्रकोप एक बार फिर शहरवासियों को बेचैन करने लगेगा।