बागपत। कासिमपुर खेड़ी निवासी दुष्कर्म पीड़ित किशोरी की दोबारा हुई मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि हुई है। इससे साबित हो गया कि पहली रिपोर्ट बनाने में लापरवाही बरती गई। कासिमपुर खेड़ी निवासी एक किशोरी के साथ 28 जुलाई को गांव के ही एक युवक ने दुष्कर्म किया था। इसकी शिकायत परिजनों ने थाने पर की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। सीएचसी पर हुई मेडिकल रिपोर्ट में भी रेप की पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन किशोरी के परिवार के लोग इससे संतुष्ट नहीं थे। वे राष्ट्रीय महिला कल्याण आयोग की शरण में पहुंचे। आयोग ने जनपद की बाल कल्याण समिति को जांच करने के आदेश दिए। समिति के आदेश पर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। साथ ही शनिवार को बागपत सीएचसी में तीन महिला चिकित्सकों ने किशोरी का मेडिकल किया। एएसपी डा.धर्मवीर सिंह का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि हुई है। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।