अयोध्या। रन फॉर राम के चौथे संस्करण की तैयारियां जोरों पर हैं। 21 फरवरी को रन फॉर राम संवाद विचार-सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जबकि 22 फरवरी को रन फॉर राम मैराथन का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम का आयोजन रामकथा पार्क में किया जाएगा।
क्रीड़ा भारती से जुड़े अवधेश वर्मा ने बताया कि 21 फरवरी को होने वाले सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे करेंगी। मर्यादा पुरुषोत्तम विषय पर आधारित सम्मेलन में पांच सत्र आयोजित होंगे। इनमें युवा पीढ़ी भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में किस प्रकार आत्मसात करे, इस पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय धाविका प्रीति पाल, नेपाल के राजदूत, योगाचार्य तथा अन्य प्रबुद्धजन उपस्थित रहेंगे।
22 फरवरी को आयोजित दौड़ में 41 किलोमीटर, 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और तीन किलोमीटर की श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। अब तक लगभग 2 हजार प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। 41 किलोमीटर में लगभग 100, 21 किलोमीटर में 800, 10 किलोमीटर में 300 और तीन किलोमीटर में करीब 900 प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है। विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। दौड़ का उद्घाटन प्रांत प्रचारक कौशल, प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश यादव, विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह और महापौर गिरीश त्रिपाठी की ओर से किया जाएगा।