गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करते यात्री। संवाद
टिकरिया। ठंड और घने कोहरे से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो रहा है। शनिवार को गौरीगंज रेलवे स्टेशन होकर अप व डाउन देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस का संचालन निरस्त रहेगा। ऐसे में इस ट्रेन से आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को अपनी यात्रा टालनी पड़ेगी या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
शुक्रवार को मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस निरस्त रही, जबकि कई ट्रेनें देरी से आईं। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। दिल्ली से चलकर प्रतापगढ़ पहुंचने वाली पद्मावत एक्सप्रेस लगभग दो घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर करीब एक घंटे विलंब से चली। देहरादून से वाराणसी जाने वाली जनता एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से आई। अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल अपने निर्धारित समय दोपहर 1:06 बजे के स्थान पर करीब दो घंटे विलंब से गौरीगंज पहुंची।
आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस भी लगभग दो घंटे देरी से आई। इसके अलावा दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से काफी विलंब से चली। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि कोहरे की स्थिति बनी रहने से काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस और अप-डाउन जनता एक्सप्रेस का संचालन शनिवार को भी निरस्त रहेगा।