राजाफत्तेपुर/जगदीशपुर। सड़क हादसों में एक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर में भर्ती कराया गया।
इन्हौंना के रत्नेश्वर मंदिर के सामने बुधवार को लखनऊ से सुल्तानपुर जा रहा डीसीएम अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक कूरा मोहनगंज तिलोई निवासी मोहम्मद असलम (40) घायल हो गए।
एंबुलेंस की मदद से उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहपुर ले जाया गया, जहां सीएचसी अधीक्षक सुनील चौधरी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष इन्हौंना विवेक सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, वारिसगंज के पूरे यादव राय निवासी सोहन लाल (28) अपनी पत्नी गुड़िया (27) और बच्चों दीप शिखा (10), आरुष (8) व वंशिका (4) के साथ मर्दानपुर से घर लौट रहे थे। सत्थिन के पास तेज रफ्तार पिकअप से भिड़ंत होने पर बाइक असंतुलित हो गई और सभी घायल हो गए। सभी को ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर में भर्ती कराया गया।