अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में मंगलवार को मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो सकी। महिला चिकित्सक की ड्यूटी नहीं होने के कारण गर्भवतियों की जांच व इलाज न हो पाने से उन्हें काफी परेशानी उठाना पड़ी।
यहां तैनात संबद्ध चिकित्सक डॉ. रूचिका सेठ सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को ओपीडी संग सिजेरियन भी करती हैं। अस्पताल में औसतन 150 से अधिक महिला मरीजों की ओपीडी होती है। इन्हें देखने व परामर्श के साथ दवा देने का पूरा भार अकेले उन्हीं पर होता है। अन्य तीन दिन मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को ओपीडी बंद रहती है। ऐसे में गर्भवती संग अन्य महिलाओं को इलाज नहीं मिल पा रहा है।
मंगलवार को महिला रोग विशेषज्ञ की ओपीडी के गेट पर ताला बंद मिला। वहीं, रेडियोलॉजिस्ट मंगलवार को अवकाश पर रहे। ऐसे में मरीजों को जांच के लिए परेशानी उठानी पड़ी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में एक महिला चिकित्सक तीन दिन ओपीडी में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
महिला रोग विशेषज्ञ की स्थायी तैनाती के लिए शासन को कई बार पत्र लिखा जा चुका है। सीएमओ को महिला चिकित्सक की संबद्धता के संबंध में पत्र लिखा गया है।