बाजारशुकुल के महोना पीएचसी पर आयोजित आरोग्य मेले में मरीज का इलाज करते डॉक्टर। -संवाद
अमेठी सिटी। जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित हुआ। इसमें 1675 मरीजों का परीक्षण कर उपचार किया गया, जबकि गंभीर हालत के 25 मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। मेले में पहुंचे अधिकांश मरीज वायरल, बुखार, खांसी और जुकाम से पीड़ित मिले।
गौरीगंज के भटगवां पीएचसी में सुबह 11:40 बजे डॉ. मनीष जायसवाल मरीजों का उपचार करते मिले। मालती अपनी पांच वर्षीय बेटी सुकाक्षी को लेकर पहुंचीं और बुखार की शिकायत बताई। जांच के बाद डॉक्टर ने दवा दी। वहीं बुजुर्ग चंद्रकला कमर दर्द की समस्या लेकर पहुंचीं, जिन्हें दवा देने के साथ जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाने की सलाह दी गई। रोहिनी आंख से पानी आने और सिर दर्द की शिकायत लेकर पहुंचीं, जिन्हें नेत्र जांच कराने की सलाह दी गई। रुचि पेट दर्द की शिकायत लेकर आईं, जिन्हें दवा व आराम की सलाह दी गई।
फार्मासिस्ट गैरहाजिर, सीएचओ ने बांटी दवा
शाहगढ़। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अड़ारु में दोपहर 12:20 बजे मेले में मरीजों की भीड़ रही। डॉ. वंदना मरीजों का उपचार करती दिखीं। सुषमा, अरविंद, राज यादव और ऊषा समेत कई मरीजों को जांच के बाद दवाएं दी गईं। हालांकि फार्मासिस्ट अजय जायसवाल अनुपस्थित रहे, जिसके चलते सीएचओ नेहा ने दवा का वितरण किया। मौके पर एएनएम अनीता, आशा संगिनी ऊषा शुक्ला और वार्ड बॉय सियाराम मौजूद रहे।
महोना पीएचसी में मरीजों का इलाज
बाजारशुकुल। पीएचसी महोना में भी मेले का आयोजन हुआ, जहां विभिन्न गांवों से आए मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. दिनेश तिवारी ने बताया कि सभी मरीजों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। इस दौरान फार्मासिस्ट प्रदीप सिंह, लैब असिस्टेंट अशोक कुमार, स्टाफ नर्स नीलम, चौकीदार पवन कुमार व आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
सीएमओ ने किया निरीक्षण
सिंहपुर। सातन का पुरवा, राजा फत्तेपुर और फूला पीएचसी का सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में स्टाफ की उपस्थिति संतोषजनक मिली। सीएमओ ने दवा वितरण, जांच व्यवस्था, सफाई और पंजीकरण प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों को सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल से निशुल्क उपलब्ध कराई जाएं।