अंबेडकरनगर। संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा से पहले जिले में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सात दिवसीय मॉक टेस्ट कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बीएन केबी पीजी कॉलेज केंद्र पर किया गया। इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को परीक्षा के वास्तविक वातावरण से परिचित कराना था। शुक्रवार को अंतिम दिन डीएम ईशा प्रिया ने अभ्युदय केंद्र का निरीक्षण किया और छात्रों से सीधा संवाद किया। उन्होंने अभ्यर्थियों को परीक्षा को सहज दृष्टिकोण से लेने, अधिक मॉक टेस्ट हल करने और मानक पुस्तकों के चयन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों को आगामी सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों ने अभ्यर्थियों का मार्गदर्शन किया।
प्रशिक्षु आईएएस थनीगईयरसन टी व जिला समाज कल्याण अधिकारी ने मॉक टेस्ट का मूल्यांकन कर परीक्षा रणनीति और समय प्रबंधन के सुझाव दिए। सदर एसडीएम प्रतीक्षा सिंह ने प्रारंभिक व मुख्य परीक्षा की तैयारी, उत्तर लेखन की गुणवत्ता पर जोर दिया।