अंबेडकरनगर। मालीपुर की एक युवती को सुल्तानपुर जिले के निवासी अरमान ने शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। फिर अगवा करके उसे लखनऊ ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। धर्मांतरण का दबाव बनाया। जानकारी होने पर पुलिस ने आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
सुल्तानपुर के नई बाजार दोस्तपुर निवासी अरमान कुरैशी का जिले के एक गांव स्थित रिश्तेदारी में आना-जाना था। करीब छह साल पहले वहां एक हिंदू किशोरी के साथ उसकी मुलाकात हुई। किशोरी अब 19 वर्ष की हो गई है। 11 फरवरी को अरमान उसे अपने साथ बहलाकर लखनऊ ले गया, जहां उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। साथ ही दुष्कर्म भी किया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने शादी के लिए दबाव बनाने और उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज की है।
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी अरमान कुरैशी को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण व बयान के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म, धर्मांतरण और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे वन स्टॉप सेंटर अकबरपुर में रोका गया है। कोर्ट के समक्ष बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)