हंसवर। हंसवर क्षेत्र के भूलेपुर निवासी अब्दुल मुत्तलिब ने जमीन खरीद के नाम पर 49 लाख रुपये लेने के बाद बैनामा न करने का आरोप लगाया है। रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
अब्दुल मुत्तलिब के अनुसार, उन्होंने गांव के शादाब अहमद, सदफ फातिमा, हयात मोहम्मद उर्फ सनिचरा से संपर्क किया था। बरही एदिलपुर के मो. आजम, मो. अकरम और वसीम अहमद खान से भी जमीन खरीदने की इच्छा जताई थी। आरोपियों ने बरही एदिलपुर की किरन, रीमा, रंभा और बसखारी के बसहिया के रिश्तेदार अरविंद की भूमि का सौदा तय कराया। यह सौदा 38 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ था। इसके अतिरिक्त, बरही एदिलपुर के शादाब अहमद की भूमि का सौदा 13 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ।
किरन के कहने पर अब्दुल मुत्तलिब ने रीमा के बैंक खाते में दो लाख रुपये भेजे। इसके बाद, उन्होंने 10 लाख रुपये नकद भुगतान किए। बिचौलियों के माध्यम से शादाब अहमद की भूमि के लिए 13 लाख 50 हजार रुपये और किरन आदि की भूमि के शेष रुपये शादाब अहमद के बचत खाते में भेजे गए। 17 फरवरी को एक लाख रुपये और फिर 11 लाख रुपये सहित कुल 49 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
जब अब्दुल मुत्तलिब ने भूमि का बैनामा करने के लिए कहा, तो आरोपियों ने बैनामा नहीं किया। उन्होंने पैसे भी वापस नहीं किए। कई बार प्रयास करने के बाद शादाब अहमद ने दो लाख रुपये का एक चेक दिया, जो बैंक में बाउंस हो गया। पीड़ित ने जब अपने रुपये की मांग की, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।