डीएस कॉलेज में अमर उजाला नारी से शक्ति कार्यक्रम
- फोटो : संवाद
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 9 मार्च को अमर उजाला के विशेष अभियान अमर उजाला नारी से शक्ति की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में लखपति दीदियों ने अपने संघर्ष और सफलता की प्रेरक कहानियां साझा कीं। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि सफलता के लिए वे सोशल मीडिया पर केवल रील बनाने के बजाय वास्तविक जीवन में अपने लक्ष्य पर ध्यान दें।
डीएस कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने लखपति दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं घर के आंगन से निकलकर समाज में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। छात्राओं से कहा कि मोबाइल का सही उपयोग ज्ञान बढ़ाने के लिए करें। इसका दुरुपयोग जीवन को जटिल बना सकता है।
प्राचार्य प्रो. मुकेश कुमार भारद्वाज ने कहा कि लखपति और ड्रोन दीदियों की संघर्ष की कहानी वास्तव में प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि जो छात्राएं पढ़ाई कर रही हैं, वे सौभाग्यशाली हैं क्योंकि उनके माता-पिता ने उन पर विश्वास जताया है। इस विश्वास को बनाए रखने के लिए उन्हें पढ़ाई में पूरी मेहनत करनी चाहिए। मौके पर लखपति और ड्रोन दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. नीलम श्रीवास्तव, डॉ. पूजा सिंह, डॉ. मंजू सिंह आदि मौजूद रहीं।