आगरा के फतेहाबाद के पक्का तालाब के पास 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि मौत के कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद होगा।
आगरा के थाना क्षेत्र के फतेहाबाद देहात स्थित पक्का तालाब के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह जब स्थानीय लोग तालाब की ओर गए तो उन्होंने एक व्यक्ति को जमीन पर पड़ा देखा। काफी देर तक कोई हरकत न होने पर लोगों को आशंका हुई, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और घटना की सूचना पुलिस को दी।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान नैना पुत्र भागीरथ (35) निवासी तुर्सीपुरा खंडेर के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक कि नैना टेंपो चलाता था। वह सोमवार को घर से निकला था। काफी खोजबीन की गई थी। लेकिन कोई पता नहीं चला सका था। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक को शराब पीने की आदत थी। पुलिस को प्रारंभिक तौर पर मामला शराब के नशे से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक शराब पीने का आदी था। शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।