डिजिटल डाटाबेस से अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाई जा सकती है। इसलिए यक्ष एप की मदद से सत्यापन कार्य को पूरा करें। वहीं डाॅ. भीमराव आंबेडकर जयंती के लिए भी पुलिस तैयार रहे। ये बातें सोमवार को पाक्षिक अपराध गोष्ठी में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने अधीनस्थों से कहीं।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि डाॅ. आंबेडकर शोभायात्रा के रूट का पहले से भाैतिक सत्यापन कर लिया जाए। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाए। थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करें। धर्मगुरुओं और स्थानीय संभ्रांत व्यक्तियों के साथ संवाद करें। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। पुलिस आयुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए रोड इंजीनियरिंग में बदलाव, ब्लैक स्पाॅट चिह्नित करने सहित अन्य उपायों पर भी जोर दिया।
उन्होंने यह भी बताया कि यक्ष एप अपराधियों का डिजिटल डाटाबेस तैयार करने, अपराधियों की पहचान करने और बीट पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए एआई टूल है। इसमें 36 हजार अपराधियों का डाटा फीड किया जा चुका है। 98.13 प्रतिशत सत्यापन कार्य भी हो चुका है। आई-गाॅट पोर्टल पर 5699 पुलिसकर्मियों ने पंजीकरण कराया है।