लखनऊ। रेलवे की तरह परिवहन निगम ने भी यात्रियों को मोबाइल से टिकट बुक कराने की सुविधा दे दी है। यह सुविधा उन मोबाइल धारकों को ही हासिल होगी जिन्होंने इंटर बैंक मोबाइल पेमेंट सिस्टम (आईएमपीएस) के तहत मोबाइल नंबर का रजिस्ट्रेशन कराकर मोबाइल मैसेजिंग आईडी (एमएमआईडी) हासिल कर रखी है। निगम यात्रियों को नई सुविधा देने के लिए बसों का डेटा बैंक तैयार करने में जुटा है। यात्रियों को यह सुविधा इंटेलिजेंस ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम के तहत मिलेगी। निगम के प्रबंध निदेशक पार्थसारथी सेन शर्मा ने प्रस्तावित नई सुविधा की समीक्षा की। उन्होंने मोबाइल फोन से ऑनलाइन बस टिकट बुक करने की योजना की प्रगति पर चर्चा की। यात्रियों को अधिक सुविधा देने के लिए मोबाइल फोन आधारित भुगतान प्रणाली भी प्रभावी कराई गई है। इसके अंतर्गत जिन लोगों ने आईएमपीएस के तहत बैंक खाते में अपने मोबाइल नंबर का रजिस्ट्रेशन कराकर एमएमआईडी हासिल कर ली है, वे ही मोबाइल से टिकट का भुगतान कर सकेंगे। इस सुविधा के अंतर्गत बैंक खाताधारक को अकाउंट रजिस्ट्रेशन के बाद एमएमआईडी जारी करेगा। भुगतान के लिए एमएमआईडी मोबाइल नंबर और पासवर्ड अंकित करना होगा। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए निगम की वेबसाइट www.upsrtc.com और www.upsrtconline.co.in का उपयोग किया जा सकेगा। यात्री मोबाइल फोन के अलावा वेबसाइट से टिकट बुक करने पर डेबिट-क्रेेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग आदि का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके लिए डेटा सेंटर मुंबई में और डिजाज्स्टर रिकवरी सेंटर बंगलूरू में स्थापित किया जा रहा है। अभी तक यह सुविधा वॉल्वो में ही उपलब्ध थी लेकिन अब गोल्डलाइन और 1000 साधारण बस के यात्रियों को भी ये सुविधा देने की तैयारी है।