विश्वविद्यालय गेट के बाहर करीब सुबह 9:00 बजे नए छात्रों के स्वागत कार्यक्रम के दौरान कहासुनी के बाद भिड़े कार्यकर्ता
एबीवीपी की शिकायत पर पुलिस ने एसएफआई के कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की एफआईआर, परिसर में बढ़ी सुरक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का माहौल एक बार फिर तनावपूर्ण हो गया है। वीरवार को एचपीयू के गेट के बाहर एबीवीपी और एफआईआई के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी से शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। छात्र संगठनों के बीच हुई इस झड़प में करीब 6 छात्रों को चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद पुलिस ने फौरन बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर किया गया। पुलिस ने एबीवीपी की शिकायत पर एसएफआई के करीब 16 कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। चोटिल कार्यकर्ताओं का मेडिकल भी करवाया गया है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह 9:00 बजे दोनों संगठन नए छात्रों के लिए गेट वेलकम कार्यक्रम आयोजित कर रहे थे। पुलिस को दी शिकायत में एबीवीपी के हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने आरोप लगाया कि इस दौरान एबीवीपी के करीब आठ कार्यकर्ता मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया इस दौरान एसएफआई के 20 से 25 कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यकर्ताओं से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने भागकर जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन झड़प इतनी अचानक हुई कि कई छात्र घायल हो गए। एसएफआई इकाई अध्यक्ष योगेश ने बताया कि एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने पहले उनके साथियों को उकसाया और छात्राओं पर अनुचित टिप्पणियां कीं। जब एसएफआई कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया तो एबीवीपी के सदस्यों ने उन पर हमला कर दिया। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों और पुलिस ने बीच-बचाव किया। सूचना मिलते ही पुलिस की अतिरिक्त फोर्स को भी तैनात कर दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं मारपीट की घटना में शामिल कार्यकर्ताओं की तलाश की जा रही है।