हिमाचल प्रदेश में लगातार हुई बारिश का असर कालका-शिमला विश्व धरोहर रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ा है। बारिश के बीच गिरते पत्थरों और मलबे के कारण बड़ोग और शोघी के जंगल में ट्रेनें काफी देर तक खड़ी रहीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रैक पर शोघी-कैथलीघाट, सोलन-बड़ोग और धर्मपुर-सनवारा के बीच जंगल में मलबा गिरने और भूस्खलन की घटनाएं हुईं। इससे तीन अप और दो डाउन ट्रेनों पर असर पड़ा। बारिश के कारण कालका से शिमला के लिए सुबह 3:30 बजे रवाना होने वाली ट्रेन कई जगहों पर फंसी। यह ट्रेन करीब दो घंटे की देरी से शिमला रेलवे स्टेशन पहुंची। पहली ट्रेन के लेट होने से कालका से शिमला की ओर आने वाली अन्य ट्रेनों पर भी असर पड़ा। बारिश में गिरते पत्थरों और मलबे को देखते हुए सुबह से ही रेलवे बोर्ड की लाइन टीम और गैंगमैन ट्रैक के आसपास तैनात रहे।