शिमला। भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (एडवांस्ड स्टडी) में कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए सीजीएचएस सुविधा लागू करने की मांग तेज हो गई है। संस्थान के कर्मचारी संघ की नवगठित कार्यकारिणी ने वीरवार को निदेशक प्रो. हिमांशु कुमार चतुर्वेदी से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधाओं, कार्य परिस्थितियों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुधार से जुड़े मुद्दे उठाए। बैठक में कर्मचारी संघ ने कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों को सीजीएचएस सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग भी की। इसके अलावा कार्यस्थल सुविधाओं के विस्तार, प्रशासनिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण और अन्य कल्याणकारी उपायों पर चर्चा की गई। निदेशक प्रो. चतुर्वेदी ने कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान की कार्य संस्कृति संवाद और सहभागिता पर आधारित है तथा कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। बैठक में कुछ विषयों पर तत्काल समाधान की दिशा में सहमति बनी जबकि अन्य मामलों को नियमानुसार आगे बढ़ाने की बात कही गई। कर्मचारी संघ के प्रधान दीपक शर्मा ने कहा कि प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों की बात गंभीरता से सुने जाने से सकारात्मक माहौल बना है। बैठक में महासचिव डॉ. अखिलेश पाठक सहित कर्मचारी संघ की पूरी कार्यकारिणी मौजूद रही।