महापौर ने दिए विकासनगर, एसडीए, ऑकलैंड, डेंटल और बस स्टैंड पार्किंग खोलने के निर्देश, अधिकारियों की बैठक बुलाई
1000 वाहनों के लिए उपनगरों में बनेंगी नई पार्किंगअमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी में पार्किंग की कमी से परेशानी झेल रहे शहरवासियों को जल्द राहत मिलने वाली है। मार्च से पहले शहर में करीब एक हजार वाहनों की क्षमता वाली पांच नई पार्किंग आम जनता के लिए खोल दी जाएंगी। यही नहीं नगर निगम ने इस साल एक हजार वाहनों के लिए स्टील पार्किंग बनाने का भी फैसला लिया है।
महापौर सुरेंद्र चौहान ने अगले हफ्ते नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक भी बुला ली है। इसमें पार्किंग के स्टेट्स से लेकर इनके उद्घाटन की तैयारियों को लेकर चर्चा होगी। ज्यादातर निर्माणाधीन पार्किंग का काम इसी महीने पूरा करने का टारगेट रखा है। इसके अलावा बाकी पार्किंग के काम की रिपोर्ट भी ली जाएगी। शहर के एसडीए परिसर में बन रही 300 वाहनों की पार्किंग में इन दिनों रंग रोगन का काम किया जा रहा है। 300 वाहनों वाली डेंटल कॉलेज और 200 वाहनों वाली ऑकलैंड पार्किंग भी लगभग तैयार है। इसी तरह बसस्टैंड पार्किंग परिसर को भी इसी महीने हैंडओवर करने की तैयारी है। इन चारों पार्किंग का फरवरी में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हाथों उद्घाटन करवाने की तैयारी शुरू हो गई है। विकासनगर पार्किंग को भी मार्च तक तैयार करने को कहा गया है। नगर निगम खुद इसका निर्माण कर रहा है। महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि मार्च से पहले पांचों पार्किंग आम जनता के लिए खुल जाएंगी। लोगों को अब सड़क किनारे गाड़ी पार्क नहीं करनी होगी। तैयार होते ही जनता को इनकी सुविधा मिल जाएगी।
विज्ञापन
स्टील पार्किंग के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू
शहर में स्टील पार्किंग बनाने के लिए नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम ने इस साल एक हजार वाहनों के लिए छोटी छोटी पार्किंग बनाने का टारगेट रखा है। महापौर सुरेंद्र चौहान के अनुसार मार्च से पहले ही कई पार्किंग का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। दिसंबर तक इन पार्किंग का काम पूरा होगा। पार्षदों से मिले प्रस्तावों के आधार पर इन पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है।
रोपवे स्टेशन में भी बनेगी पार्किंग नगर निगम लक्कड़ बाजार में बनने जा रहे रोपवे स्टेशन की निचली मंजिलों में भी पार्किंग बनाने जा रहा है। इसके लिए रोपवे कार्पोरेशन के साथ चर्चा चल रही है। लक्कड़ बाजार में अभी एक भी पार्किंग नहीं है। यहां पार्किंग बनने से हजारों लोगों को फायदा होगा। पार्किंग में गाड़ी खड़ी कर लोग चंद सेकंड में बस अड्डे से लिफ्ट और फ्यूनिकूलर ट्राॅली में सवार होकर रिज पहुंच जाएंगे।