फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: फिल्मी अंदाज में विनीत की हत्या, पहले मांगी बियर, फिर गोलियों से शरीर कर दिया छलनी; एक करोड़ की रंगदारी

Sun, 31 May 2026 06:15 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, गाजीपुर।

सार

Ghazipur News: विनीत राय हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। आरोपियों ने पहले होटल में बैठकर बियर मांगी और फिर बाहर निकलते ही फिल्मी अंदाज में विनीत राय पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
Register For Event
विज्ञापन
1 of 12
बेटे विनीत की लाश देख बिलखती मां। - फोटो : संवाद
UP News: गाजीपुर शहर में होटल के बाहर बदमाशों ने पहले बियर खरीदने का बहाना बनाया और फिर कारोबारी के पुत्र विनीत राय को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। वारदात की शैली से साफ है कि हमलावर पूरी तैयारी और योजना के साथ पहुंचे थे।



सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित होटल बिंदु के संचालक आलोक राय और अरविंद राय सगे भाई हैं। दोनों ने वर्ष 2012 में करीब एक बीघा भूमि पर होटल का निर्माण कराया था। करीब 50 कमरों वाले इस होटल का प्रबंधन आलोक राय का बड़ा बेटा विनीत राय संभालता था। एमएससी और डी-फार्मा की पढ़ाई करने के बाद वह व्यवसाय से जुड़ गया था और इन दिनों होटल के नवीनीकरण का कार्य भी देख रहा था। उसकी शादी पिछले वर्ष 18 मई को हुई थी।
विज्ञापन

2 of 12
माैके पर पड़ताल करने पहुंचे अधिकारी। - फोटो : संवाद
सीने, कंधे, पीठ व पेट में मारी थी पांच गोली
हत्यारों ने विनीत राय के सीने, कंधे, पीठ और पेट में पांच गोलियां मारी थीं। एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक विनीत राय के सीने में एक, कंधे पर दो, पीठ व पेट में पांच गोलियां मारी थीं। शरीर में चार गोलियां मिलीं, जबकि पेट में दाहिने से लगी गोली बाईं तरफ चीरते हुए निकल गई थी।
विज्ञापन

3 of 12
विनीत की माैत के बाद टूटा दुखों का पहाड़। - फोटो : संवाद
बियर खरीदने के बहाने पहुंचे थे हमलावर
रात करीब 11 बजे विनीत होटल में भोजन करने के बाद घर जाने के लिए निकले थे। वह होटल के गेट तक पहुंचे। इसी दौरान बदमाश होटल के मुख्य गेट पर पहुंचे। गेट पर तैनात गार्ड शंभू से उन्होंने बियर मिलने की जानकारी ली। गार्ड के हां कहने पर बदमाशों ने 16 बियर की मांग की। गार्ड ने पहले भुगतान करने के लिए कहा तो हमलावरों ने ऑनलाइन भुगतान की बात कही। इसके बाद गार्ड क्यूआर कोड दिखाने के लिए मैनेजर का मोबाइल लेकर आया। बदमाशों ने कहा कि उन्हें अब 16 नहीं, केवल आठ बियर चाहिए। गार्ड द्वारा अतिरिक्त शुल्क लगने की बात कहे जाने के दौरान ही विनीत होटल से बाहर निकलकर अपनी कार की ओर बढ़ने लगे।

4 of 12
पत्नी के साथ विनीत। - फोटो : संवाद
बेटे की हत्या से टूटा परिवार, पिता बोले- शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
कारोबारी पुत्र विनीत राय की हत्या के बाद परिवार का दर्द छलक पड़ा है। आलोक राय ने बताया कि वर्ष 2024 में उनसे कथित तौर पर रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर होटल पर हमला किया गया था। उस दौरान होटल के शीशे और अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे। 
विज्ञापन

5 of 12
होटल के गार्ड से जानकारी लेती पुलिस। - फोटो : संवाद
उन्होंने दावा किया कि घटना के संबंध में डीजीपी, मुख्यमंत्री, एडीजी और एसपी समेत कई अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई की गई होती तो आज उनका बेटा जीवित होता। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में कठोर कार्रवाई करते हुए गिरोह के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
विज्ञापन

6 of 12
परिजनों से जानकारी लेती पुलिस। - फोटो : संवाद
घटनास्थल से मिले कई खोखे, जांच पर टिकी निगाहें
मृतक के रिश्तेदार उदय सिंह ने बताया कि घटनास्थल से छह से सात खोखे बरामद हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वारदात के बाद यदि तत्काल नाकेबंदी और घेराबंदी की गई होती तो आरोपियों को उसी रात गिरफ्तार किया जा सकता था। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन

7 of 12
होटल के बाहर पुलिस अधिकारियों ने ली जानकारी। - फोटो : संवाद
चार नामजद, गिरफ्तारी को लगीं कई टीमें
वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। डीआईजी ने कहा कि जांच के दौरान यदि कटरा गैंग की संलिप्तता सामने आती है और यह प्रमाणित होता है कि गिरोह के सदस्य संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं, तो उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश का सिलसिला जारी है।

8 of 12
माैके पर मामले को लेकर बातचीत करती पुलिस। - फोटो : संवाद
विनीत हत्याकांड में सदर कोतवाल लाइन हाजिर
गाजीपुर शहर के विनीत राय हत्याकांड में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर कोतवाल महेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह गहमर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह को सदर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

9 of 12
घरवालों का हाल पूछते लोग और माैजूद पुलिस। - फोटो : संवाद
होटल कारोबारी आलोक का कहना है कि रंगदारी नहीं देने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि वह हर वर्ष करीब एक करोड़ रुपये कर (टैक्स) का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद उनका परिवार सुरक्षित नहीं है। उधर, घटना के बाद जिले में कानून-व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

10 of 12
श्मशान घाट पर पहुंचे डीएम ने ली जानकारी। - फोटो : संवाद
दो साल पहले कटरा गैंग के शंकर ने होटल मालिक से ने मांगी थी रंगदारी
छह अगस्त 2025 में जेल से छूटे कटरा गैंग डी 63 का सरगना शंकर पांडेय व उसके सदस्यों ने होटल मालिक आलोक राय से दो वर्ष पूर्व रंगदारी मांगी थी। पहले एक करोड़, बाद में 50 लाख और 20 लाख की रंगदारी की मांग की थी। आरोपी शंकर पांडेय जेल से ही गैंग का संचालन करता था।

11 of 12
इसी जगह मारी गई थी गोली। - फोटो : संवाद
वर्ष 17 फरवरी 2024 में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि कटरा गैंग का सरगना शंकर पांडेय, रविशेखर पांडेय, कमलेश बिंद व सोनू यादव ने बियर बार में आकर झगड़ा किया था और तोड़फोड़ करके एक लाख रुपये लूटकर चले गए थे। सूचना पुलिस को दी गई तो 16 फरवरी 2024 की शाम पुन: कटरा गैंग का सरगना नकाबपोश 20 बदमाशों के साथ पहुंचा और तोड़फोड़ कर कर दस लाख रुपये का नुकसान करने साथ कैश काउंटर पर तीन लाख और कार को तोड़कर 85000 रुपये लूट लिए थे।
विज्ञापन

12 of 12
मृतक की फाइल फोटो और मौके पर जांच करते अधिकारी। - फोटो : अमर उजाला
होटल कारोबारी के बेटे की हत्या के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के पीछे कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय का हाथ है, जो पूर्व में अपने साथियों के साथ होटल में तोड़फोड़ कर चुका है। वह पहले एक करोड़, बाद में 50 लाख और 20 लाख की रंगदारी मांग रहा था। उसके खिलाफ गैंगस्टर सहित सात मुकदमे दर्ज हैं। हालांकि पुलिस रंगदारी के लिए हत्या की बात सिरे से इन्कार कर रही है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें