Indore News: ग्राम रोजड़ी पंचायत में नवीन आंगनवाड़ी भवन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इंफोसिस फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग और वसुधा विकास संस्थान के प्रयास से निर्मित इस भवन के लिए ग्रामीणों ने जमीन दान की।
ग्राम रोजड़ी पंचायत में इंफोसिस फाउंडेशन के द्वारा नवीन आंगनवाड़ी भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया। कंपनी की सीएसआर टीम द्वारा बताया गया कि वसुधा विकास संस्थान के सहयोग से आंगनवाड़ी भवन का निर्माण कराया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में बच्चों एवं महिलाओं के हित में की गई यह पहल सामाजिक सहभागिता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए है और बेहतर से बेहतर सुविधा शिक्षा एवं बाल विकास के क्षेत्र में करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी के तहत रोजड़ी गांव में नवीन आंगनवाड़ी भवन निर्माण का प्रयास विभाग के साथ मिलकर किया गया। कलेक्टर शिवम वर्मा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी रजनीश सिंन्हा ने इस पहल की तारीफ की।
विज्ञापन
ग्रामीणों की भागीदारी रही महत्वपूर्ण
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. रमेश मेवाड़ा ने बताया कि संस्था ग्रामीण क्षेत्रों में समुदाय की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आंगनवाड़ी भवन का निर्माण बच्चों और महिलाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। महिला एवं बाल विकास अधिकारी रजनीश सिंन्हा ने कहा कि इन्फोसिस फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग एवं स्थानीय समुदाय की सहभागिता से यह कार्य संभव हुआ है। शासन के विकास कार्यों में यदि ग्रामीणों की भागीदारी और जमीन दान जैसी पहल होने से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।
बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहीं आंगनवाड़ी
महिला एवं बाल विकास विभाग के सीडीपीओ नितिन चौरसिया ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। नए भवन से बच्चों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिलेगा तथा विभागीय सेवाओं के संचालन में भी सुविधा होगी। आंगनवाड़ी भवन के निर्माण के लिए बापूसिंग सिसोदिया एवं सालगराम सिसोदिया द्वारा जमीन दान की गई। इस सहयोग से ग्राम में बच्चों के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक आंगनवाड़ी केंद्र उपलब्ध हो सका है।
विज्ञापन
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग से पर्यवेक्षक वर्षा बघेल, सरपंच जगदीश पटेल, सचिव हेमंत गौड़, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रीमा राठौर सिसोदिया, वसुधा विकास संस्थान सीईओ तपन कुंभकार सहित ग्रामीण जन उपस्थित रहे।