लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज में मंगलवार को लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में व्यावसायिक स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा लुआक्मैट-2026 के लिए बैठक हुई। इसमें शहर के आठ प्रमुख कॉलेजों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और परीक्षा आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज के प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह संयुक्त प्रवेश परीक्षा पिछले 19 वर्षों से लगातार सफलतापूर्वक कराई जा रही है। इसके माध्यम से बीबीए, बीसीए, बीकॉम (ऑनर्स), बीएजेएमसी और बी.वोक जैसे पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है।
प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन 15 जनवरी से कॉलेज की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं। ऑफलाइन आवेदन 21 मार्च से कॉलेज कार्यालय से मिलेंगे। बैठक में यह भी तय हुआ कि लुआक्मैट-2026 ट और एलयूएसीसीईटी-2026 की परीक्षाएं 23, 24 और 25 जून को प्रस्तावित हैं। सफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग जुलाई के दूसरे सप्ताह से शुरू होगी। अन्य संबद्ध कॉलेज 20 मार्च तक इसमें शामिल होने की सहमति दे सकते हैं।