लखनऊ। गोमतीनगर के विकासखंड-5 निवासी होटल मैनेजमेंट के छात्र चंदन चौरसिया (21) ने शुक्रवार सुबह फंदा लगा लिया। पुलिस ने उनका मोबाइल कब्जे में ले लिया।
इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी के अनुसार, देवरिया निवासी चंदन हरिराम वर्मा के मकान में किराये पर रहते थे। जांच में सामने आया कि चंदन का किसी युवती से प्रेम प्रसंग था। दोनों पहले साथ में रहते भी थे। युवती के किसी और से बात करने से वह काफी परेशान थे। उन्होंने अपनी परेशानी मकान मालिक को भी बताई थी। शुक्रवार सुबह मकान मालिक हरिराम को चंदन अपने कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटके मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई और जांच की। इस दौरान चंदन के मोबाइल पर युवती की कॉल आई। उनके पिता हरिनाथ को सूचना दी गई है। उनके तहरीर देने पर कार्रवाई की जाएगी।