लखनऊ। गोमतीनगर विशालखंड निवासी कारोबारी कुशाग्र अग्रवाल (26) की थाईलैंड के फुकेट में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह चार दोस्तों के साथ फुकेट घूमने गए थे। आठ मई की रात कैफे में खाना खाने के बाद कुशाग्र और उसके तीन दोस्त बेहोश हो गए थे। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 9 मई को कुशाग्र ने दम तोड़ दिया।
कुशाग्र की मां दिव्या अग्रवाल प्रतिष्ठित स्कूल में शिक्षिका हैं। कुशाग्र नाका के तिलकनगर निवासी कारोबारी के बेटे राहुल, राहुल अग्रवाल, उसके भाई अमन अग्रवाल और भोपाल निवासी आर्यन वर्मा के साथ थाईलैंड गया था। आठ मई की रात करीब 11 बजे वे कमला बीच स्थित कैफे पहुंचे थे। पांचों ने वहां खाना खाया। रात 1:45 बजे कुशाग्र, अमन और दोनों राहुल बेहोश हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। कुशाग्र और राहुल को गंभीर हालत में वचिरा फुकेट अस्पताल ले जाया गया था।
ड्रग के ओवरडोज से मौत की आशंका
थाईलैंड पुलिस ने इस घटना की सूचना थाई दूतावास को दी। थाई दूतावास ने भारतीय दूतावास को पूरी जानकारी दी। भारतीय दूतावास से सूचना मिलने पर युवकों के परिजन थाईलैंड रवाना हो गए। फुकेट की कमला बीच पुलिस के प्रमुख कर्नल अनुराक ने दावा किया है कि शुरुआती जांच में कुशाग्र और तीन अन्य दोस्तों के शरीर में नशीले पदार्थ मिलने के संकेत हैं। विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी जानकारी स्पष्ट होगी। वहीं, साथ गए आर्यन वर्मा के शरीर में कोई लक्षण नहीं मिले हैं।
जांच पर भारतीय दूतावास की नजर
भारतीय दूतावास ने एक्स पर बताया कि वे थाई अधिकारियों के संपर्क में हैं। दूतावास इस घटना की जांच पर नजर रख रहा है और अन्य घायलों के स्वास्थ्य की स्थिति पर भी ध्यान दे रहा है।