लखनऊ। बहन के साथ लूट और मारपीट के मामले में दर्ज एफआईआर वापस लेने के लिए भाजपा कार्यकर्ता आशीष दुबे को जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने बृहस्पतिवार को आरोपी दंपती के खिलाफ पारा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
पारा की पुरानी कांशीराम कॉलोनी निवासी आशीष के अनुसार उनकी बहन की ओर से कुछ महीने पहले आरोपी हिमांशी उर्फ मानसी यादव समेत अन्य के खिलाफ लूट, मारपीट और जान से मारने की धमकी की एफआईआर दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि जमानत पर छूटने के बाद आरोपी पक्ष लगातार रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बना रहा है।
पीड़ित के मुताबिक 19 मई को दोपहर करीब एक बजे घर जाते वक्त कांशीराम चौराहे पर आरोपी हिमांशी और उसके पति विनोद यादव ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने एफआईआर वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी महिला ने कमर से चाकू निकालकर लहराया भी। आशीष का कहना है कि आरोपी महिला पर पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले हैं। घटना के बाद से उनका परिवार डरा हुआ है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक मनीष कुमार सिंह को जांच सौंपी गई है। जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।