विधायक मोहन लाल ने कहा, आप शंभू महादेव मंदिर शिवकेरी तक बेहतर होगी सड़क सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। विधानसभा क्षेत्र के सुंगल में शनिवार को अखनूर-सुमाह मार्ग के पांचवें किलोमीटर से आप शंभू महादेव मंदिर, शिव केरी तक सड़क निर्माण के पहले चरण का शिलान्यास विधायक मोहन लाल भगत ने किया। करीब 3 करोड़ 38 लाख 48 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस चरण से शिव केरी धाम तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। सड़क परियोजना को नाबार्ड के तहत मंजूरी मिली है।
शिलान्यास समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान विधायक मोहन लाल भगत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सड़क नेटवर्क उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। बेहतर सड़क संपर्क से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सरपंच अश्वनी शर्मा ने कहा कि विधायक मोहन लाल भगत जब आप शंभू महादेव मंदिर, शिव केरी पहुंचे थे तो उन्होंने सड़क की खस्ता हालत को गंभीरता से लिया और अधिकारियों को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि करीब एक वर्ष के भीतर परियोजना को मंजूरी मिलना और अब पहले चरण का काम शुरू होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि शिव केरी अब अखनूर ही नहीं बल्कि पूरे जम्मू संभाग के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल हो चुका है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। सड़क परियोजना के तहत मंदिर तक बेहतर संपर्क के साथ आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाले लिंक मार्ग भी विकसित किए जाएंगे।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि विधायक के करीब डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में सुंगल क्षेत्र में कई विकास कार्य मंजूर हुए हैं। सरकारी हाई स्कूल सुंगल के लिए 78 लाख रुपये, क्रिकेट टॉप बॉक्स के लिए 8 लाख रुपये और लाइब्रेरी के लिए विधायक सीडीएफ से 5 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा करोड़ों रुपये के सड़क कार्य भी स्वीकृत हुए हैं।
सुमाह और शिव केरी को धार्मिक पर्यटन से जोड़ा जा रहा
विधायक मोहन लाल भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के अनुरूप अखनूर के हर क्षेत्र का समान विकास उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए लाइब्रेरी, खेल मैदान और अन्य सुविधाओं को विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुमाह देव स्थान और आप शंभू महादेव मंदिर, शिव केरी महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल हैं। इन दोनों स्थलों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं के साथ धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों दोनों को लाभ मिलेगा। मोहन लाल ने सुंगल क्षेत्र की बिजली समस्या को भी गंभीर बताते हुए कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है और इसके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
शिलान्यास समारोह में लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव शर्मा, सहायक कार्यकारी अभियंता सुनील बोगिया और अभियंता गगन के साथ ही पूर्व सरपंच अश्वनी शर्मा, सुंगल मंडल अध्यक्ष शमशेर दास, अखनूर मंडल अध्यक्ष दीपेश सिंह, परगवाल मंडल अध्यक्ष गौरव मन्हास, पूर्व सरपंच राजवीर सिंह, पूर्व सरपंच कुलदीप सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष बिंदु सिंह चिब, सेवानिवृत्त डीएसपी गुरदयाल सिंह, सेवानिवृत्त डिप्टी कमांडेंट अर्जुन सिंह, सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर भजन सिंह, ओम प्रकाश, आशु शर्मा, तिलक राज, पूर्व पंच सतवीर कौर, अनुराधा, कैप्टन मेहताब शर्मा, सवर्ण शर्मा और आयुष सिंह आदि मौजूद रहे।