- किसानों को कृषि विभाग ने दी राहत, पहले खाद के साथ लेना पड़ता था कीटनाशक भी
- इस बार जरूरत के हिसाब से ले सकेंगे खाद, डीलरों को आदेश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अब किसानों को खाद के साथ अन्य खेती संबंधी सामग्री खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। कृषि विभाग ने इस बारे में आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि किसान जरूरत के हिसाब से खाद खरीदेंगे। खाद डीलर किसी भी तरह का कीटनाशक और अन्य सामग्री साथ में नहीं देंगे।
बीजाई के दौरान किसानों को खाद की जरूरत होती है। खाद डीलरों की ओर से खाद के साथ कीटनाशक या अन्य सामग्री देकर किसानों से अतिरिक्त पैसे खर्च करने के लिए बाध्य किया जाता था। किसान इसका विरोध कर रहे थे। जिलाभर में कई इलाकों में इसे लेकर प्रदर्शन भी किए गए। इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। पड़ोसी राज्य पंजाब और अन्य प्रदेशों में भी किसान हताश हैं। नंदपुर के किसान विजय चौधरी, श्याम लाल ने बताया कि 1500 रुपये की खाद लेने पर 600 रुपये का कीटनाशक दिया जाता था। कुछ किसानों ने कीटनाशक पहले से ही खरीदे होते हैं। ऐसे में पैसे व्यर्थ खर्च हो रहे हैं। किसान यूनियनों ने भी इस पर रोक लगाने की मांग की थी। अब कृषि विभाग ने राहत दी है।
विभाग का फैसला सराहनीय
पूर्व मंत्री सुखनंदन चौधरी ने कहा कि फैसला सराहनीय है। किसानों को अतिरिक्त सामग्री खरीदनी पड़ रही थी। इससे किसान हताश थे। गरीब किसान जरूरत के हिसाब से खाद खरीदते हैं। वितरकों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी थी। अगर ऐसा नहीं होता तो एनएच-44 को जाम किया जाना था।
खाद के साथ वितरक अन्य सामग्री नहीं देंगे। आदेश जारी कर दिया गया है। शिकायत मिलने पर विभाग कार्रवाई करेगा।
- अनिल गुप्ता, निदेशक, कृषि विभाग