गांदरबल। कंगन क्षेत्र के रेल गुंड में वीरवार को हुए सड़क हादसे में महाराष्ट्र के दो पर्यटकों सहित पांच लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार घायलों में एक चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा दो कारों के बीच आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही एसएचओ पुलिस रईस अहमद अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सभी घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुंड में उपचार के लिए पहुंचाया गया, जबकि दो घायलों को बाद में सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल कंगन रेफर किया गया। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि एक चालक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार के चलते आमने-सामने की टक्कर हुई, हालांकि सटीक कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। घायलों में तीन लोग लद्दाख से और दो महाराष्ट्र से बताए जा रहे हैं।